बालीचौकी के भाजपा कार्यकर्ता वीर सिंह का निधन, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जताया शोक
मंडी, 07 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला की ग्राम पंचायत बालीचौकी के जीरो पॉइंट निवासी, भाजपा के कर्मठ एवं मिलनसार कार्यकर्ता वीर सिंह का अचानक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके सरल स्वभाव और जनसेवा के प्रति समर्पण के कारण वे स्थानीय लोगों के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे। उनके निधन को पार्टी और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
इस दुखद समाचार के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र के बालीचौकी पहुंचकर दिवंगत कार्यकर्ता के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिजनों को ढांढस बंधाया।
जयराम ठाकुर ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति व संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। स्थानीय ग्रामीणों और समर्थकों ने भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा