केंद्र सरकार की पहलों से हिमाचल में बढ़ेगी कनेक्टिविटी : संदीपनी भारद्वाज

 


शिमला, 03 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में हाल में सामने आई रेल परियोजनाओं की प्रगति पर भाजपा की ओर से केंद्र सरकार की सराहना की गई है। पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने ऊना जिले की दौलतपुर–कटरोली रेललाइन पर उत्तर भारत के सबसे लंबे रेल वायडक्ट के निर्माण और भानुपल्ली–बेरी रेललाइन पर सुरंग ब्रेकथ्रू को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

उन्होंने मंगलवार को कहा कि दौलतपुर–कटरोली खंड पर लगभग 7.80 किलोमीटर लंबा वायडक्ट और 10.55 किलोमीटर नई ब्रॉडगेज लाइन तैयार की गई है, जिसकी लागत करीब 677 करोड़ रुपये बताई जा रही है। उनके मुताबिक यह संरचना इंजीनियरिंग और आधुनिक तकनीक का उदाहरण है और इससे ऊना सहित आसपास के क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।

प्रदेश प्रवक्ता के अनुसार परियोजना के निर्माण में 301 स्पैन और 302 पियर बनाए गए हैं। साथ ही करीब 16,000 मीट्रिक टन संरचनात्मक स्टील और 19,000 मीट्रिक टन टीएमटी स्टील का उपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की परियोजनाएं क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मददगार हो सकती हैं।

भानुपल्ली–बेरी रेललाइन के बारे में उन्होंने कहा कि लगभग आठ किलोमीटर लंबी प्रस्तावित सुरंग में से करीब 750 मीटर हिस्से का सफल ब्रेकथ्रू होना रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है। उनके अनुसार इस परियोजना के पूरा होने से हिमाचल की रेल पहुंच राष्ट्रीय नेटवर्क से और मजबूत हो सकती है तथा औद्योगिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।

भाजपा प्रवक्ता ने केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में हिमाचल में सड़क, रेल, स्वास्थ्य और पर्यटन ढांचे पर लगातार काम हुआ है। उन्होंने अटल टनल रोहतांग और राष्ट्रीय राजमार्ग विस्तार जैसी परियोजनाओं को इसी क्रम की कड़ी बताया।

संदीपनी भारद्वाज ने यह भी कहा कि हिमाचल को विकास योजनाओं में विशेष प्राथमिकता दी जा रही है और इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में पर्यटन, उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा