केंद्र की योजनाओं का श्रेय लेने में जुटे मुख्यमंत्री सुक्खू : त्रिलोक कपूर
शिमला, 05 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री केंद्र सरकार की योजनाओं और आर्थिक सहयोग से संचालित विकास कार्यों का श्रेय स्वयं लेने में जुटे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के योगदान का उल्लेख तक नहीं करते।
कपूर ने वीरवार काे एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री पर ‘माल महाराज का, मिर्जा खेले होली’ की कहावत पूरी तरह चरितार्थ होती है। उन्होंने राजस्थान से 15.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली बेचकर चार माह में 400 करोड़ रुपये की आय के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को प्रदेश की वास्तविक शुद्ध आमदनी और इस राशि के उपयोग का ब्यौरा सार्वजनिक करना चाहिए। चुराह में घोषित 60.67 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं में केंद्र और राज्य सरकार की हिस्सेदारी भी स्पष्ट की जानी चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं और जनकल्याणकारी योजनाएं वेंटिलेटर पर हैं। उन्होंने कहा कि कृष्णा डायग्नोस्टिक्स की निःशुल्क जांच सेवाएं कथित तौर पर भुगतान विवाद से प्रभावित हुई हैं। लगभग 110 करोड़ रुपये की लंबित देनदारी पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने हिमकेयर और आयुष्मान भारत योजनाओं के लंबित भुगतानों, अस्पतालों में खराब मशीनों और प्रभावित जांच सुविधाओं पर भी चिंता जताई। रोबोटिक सर्जरी की लागत और मरीजों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को लेकर भी उन्होंने सरकार से जवाब मांगा।
कपूर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में सरकारी कर्मचारियों को शामिल होने के लिए प्रशासनिक दबाव डाले जाने की सूचनाएं मिल रही हैं। उन्होंने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारियों का काम जनता की सेवा करना है, राजनीतिक रैलियों में भीड़ जुटाना नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला