बूथ स्तर पर सुक्खू सरकार की नाकामियों को बेनकाब करेंगे भाजपा कार्यकर्ता : डॉ सिकंदर

 


धर्मशाला, 09 जुलाई (हि.स.)। जिला कांगड़ा में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय शिक्षण अभियान' के दूसरे दिन प्रथम सत्र को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार ने पार्टी के आगामी रोडमैप, वर्तमान प्रदेश सरकार की चौतरफा विफलताओं और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की ऐतिहासिक एवं जन-कल्याणकारी उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रो. डॉ. सिकंदर कुमार ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए सांगठनिक मजबूती का मूलमंत्र देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्य विस्तार भौगोलिक के साथ साथ व्यापक सामाजिक विस्तार करना है। हमें ग्राम केंद्र और बूथ स्तर पर संगठन को इतना सुदृढ़ और अभेद्य बनाना है कि समाज के प्रत्येक वर्ग, हर वंचित, युवा, महिला और किसान तक हमारी सीधी पंहुच हो। प्रत्येक जन-जन को पार्टी की विचारधारा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ना ही हमारा मुख्य ध्येय है।

हिमाचल की वर्तमान सुक्खू सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए प्रदेश महामंत्री प्रो.सिकंदर कुमार ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार की विकास-विरोधी नीतियों, झूठी गारंटियों और प्रशासनिक विफलताओं के कारण आज हिमाचल प्रदेश की जनता और जमीनी कार्यकर्ता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। धरातल पर विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं, जिससे जनता में भारी हताशा और आक्रोश व्याप्त है।

इसके विपरीत, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों और देशहित के निर्णयों को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। मोदी सरकार की योजनाएं आज देश के हर नागरिक का संबल बन रहीं हैं। प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित समस्त कार्यकर्ताओं ने पूरी एकजुटता के साथ यह संकल्प लिया कि वर्तमान प्रदेश सरकार की नाकामियों, झूठे वादों और विकास विरोधी रवैये को उजागर कर प्रत्येक ग्राम केंद्र और बूथ स्तर पर जन-जन तक पंहुचाया जाएगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक लेकर जाएंगे।

प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र के सम्मुख रखे गए 'विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत' के महान संकल्प को वर्ष 2047 तक पूर्ण करने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर अपना निरंतर एवं सामूहिक सहयोग सुनिश्चित करेंगे।

इस सत्र में विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष पवन काजल, प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा, जिला सह प्रभारी संजीव शर्मा, जिलाध्यक्ष सचिन शर्मा, पूर्व विधायक विशाल नेहरिया, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री शाश्वत कपूर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया