पंजाब और हिमाचल में भ्रष्टाचार व कानून व्यवस्था को चुनावी मुद्दा बनाएगी भाजपा : रणधीर शर्मा
शिमला, 06 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा ने कहा है कि पार्टी पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दों को आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के बीच ले जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा दोनों राज्यों की सरकारों के कामकाज से जुड़े सवालों को जनता के सामने रखेगी।
रणधीर शर्मा ने मंगलवार को यहां पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ओएसडी और अन्य करीबियों पर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इन आरोपों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई थी। उनके अनुसार हाई कोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई से करवाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चल रही पंजाब सरकार भ्रष्टाचार पर रोक लगाने में सफल नहीं रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के नाम पर राजनीति शुरू की थी और अब उसकी पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
भाजपा नेता ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में ड्रग माफिया, खनन माफिया और आपराधिक तत्वों के प्रभाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने हाल के दिनों में हुई हत्याओं और एक पुलिसकर्मी की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि इन घटनाओं से कानून व्यवस्था को लेकर सरकार के कामकाज पर सवाल खड़े होते हैं।
रणधीर शर्मा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी भ्रष्टाचार को लेकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय, बिजली बोर्ड, मार्केटिंग बोर्ड और अन्य विभागों के कामकाज को लेकर सवाल उठ रहे हैं। भाजपा इन मामलों में जवाबदेही और जांच की मांग करती रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल सामने आए हैं। प्रदेश में आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को इन मामलों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय लोगों का ध्यान दूसरे मुद्दों की ओर ले जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा