केएनएच में यूजर चार्जेज का फैसला गरीबों पर बोझ : भाजपा

 


शिमला, 24 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी शिमला स्थित कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) में यूजर चार्जेज लागू करने के फैसले को लेकर विपक्षी दल भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने शुक्रवार को कहा कि यह कदम गरीबों, महिलाओं और बच्चों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला है और इससे सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने कहा कि केएनएच को महिलाओं और बच्चों के लिए एक प्रमुख सरकारी अस्पताल माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए आते हैं। ऐसे में रजिस्ट्रेशन से लेकर जांच और इलाज तक विभिन्न सेवाओं पर शुल्क लगाना आम लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है। उनके अनुसार यह स्थिति इस बात की ओर इशारा करती है कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को भी राजस्व के साधन के रूप में देख रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं के वादे किए गए थे, लेकिन अब अस्पतालों में अलग-अलग तरह के शुल्क तय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन फीस, वार्ड चार्ज, ऑपरेशन और जांच से जुड़े शुल्क के साथ-साथ मेडिकल सर्टिफिकेट जैसी सेवाओं पर भी फीस लगाना आम मरीजों के लिए चिंता का विषय है।

संदीपनी भारद्वाज ने यह भी कहा कि जिन लोगों के पास आर्थिक साधन हैं, वे निजी अस्पतालों में इलाज करा सकते हैं, लेकिन गरीब और मध्यम वर्ग के लिए सरकारी अस्पताल ही सबसे बड़ा सहारा होता है। ऐसे में यदि सरकारी अस्पतालों में भी हर सेवा के लिए शुल्क लिया जाएगा, तो कमजोर वर्ग के लोगों के सामने इलाज कराना और कठिन हो सकता है।

उन्होंने इस फैसले को सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाने वाला बताया और कहा कि खासकर महिलाओं और बच्चों से जुड़े अस्पताल में इस तरह के शुल्क लागू करना संवेदनशीलता की कमी को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को उठाती रहेगी और सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा