कांग्रेस सरकार सेब उत्पादकों को राहत नहीं, मुश्किलें दे रही : संदीपनी भारद्वाज
शिमला, 07 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में सेब सीजन अपने चरम पर होने के बावजूद कांग्रेस सरकार बागवानों को राहत देने के बजाय नए नियमों और नोटिसों के जरिए परेशानी में डाल रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की करीब आठ लाख आबादी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सेब अर्थव्यवस्था पर निर्भर है। प्रदेश में हर साल लगभग 5,500 करोड़ रुपये से अधिक का सेब कारोबार होता है और यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे समय में सरकार के फैसले बागवानों के हित में नहीं दिख रहे हैं।
भारद्वाज ने शुक्रवार को शिमला में कहा कि पैकिंग के लिए केवल 30 गनी बैग खरीदने की सीमा तय करना किसान और बागवान विरोधी फैसला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन किसानों के बगीचों में 300, 500 या 1000 पेटी सेब निकलता है, वे केवल 30 बैग में पैकिंग कैसे करेंगे। उनके अनुसार सरकार स्पष्ट करे कि यह फैसला किस आधार पर लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में इस बात की चर्चा है कि सेब कारोबार में कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने की कोशिश हो रही है। सरकार इस पर अपना पक्ष साफ करे।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कई इलाकों में एचपीएमसी और एपीएमसी के कलेक्शन सेंटर समय पर नहीं खुले हैं या पूरी क्षमता से काम नहीं कर रहे हैं। दूसरी ओर, एमआईएस के नाम पर किसानों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई अनियमितता हुई है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पूरे बागवानी समुदाय को संदेह की नजर से नहीं देखा जाना चाहिए। उनका आरोप है कि ईमानदारी से बागवानी करने वाले किसानों को भी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
भारद्वाज ने कहा कि सरकार पहले एचपीएमसी के माध्यम से किसानों का भुगतान समय पर सुनिश्चित करे, सभी कलेक्शन सेंटर पूरी क्षमता से चलाए और पर्याप्त पैकिंग सामग्री उपलब्ध करवाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लागत बढ़ने, कीटनाशक और उर्वरकों के महंगे होने, खराब सड़कों और कमजोर परिवहन व्यवस्था के बीच सरकार के नए फैसलों ने बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से 30 बैग की सीमा वाला आदेश वापस लेने, अनावश्यक नोटिस बंद करने और बागवानों को राहत देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर भाजपा बागवानों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा