क्षेत्रवाद की राजनीति कर रहे कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह : सतपाल सिंह सत्ती

 


शिमला, 10 जुलाई (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह के हालिया बयान को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने विक्रमादित्य सिंह के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल पर दिए गए बयान की कड़ी आलोचना की है। सत्ती ने शुक्रवार को कहा कि विक्रमादित्य सिंह के बयान क्षेत्रवाद को बढ़ावा देने वाले हैं और एक कैबिनेट मंत्री के पद पर रहते हुए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को जोड़ने की जिम्मेदारी निभाने के बजाय समाज को बांटने वाली राजनीति की जा रही है।

सतपाल सत्ती ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब विक्रमादित्य सिंह ने विवादित बयान दिया हो। उनके अनुसार, इससे पहले भी वह अपनी ही सरकार, अपने ही अधिकारियों और अपनी ही पार्टी के नेताओं के खिलाफ सार्वजनिक तौर पर बयान दे चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसे बयानों से कई बार कांग्रेस सरकार असहज हुई है और मुख्यमंत्री तथा पार्टी नेतृत्व को भी सफाई देनी पड़ी है।

सत्ती ने कहा कि जनवरी 2026 में बाहरी राज्यों से आए आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को लेकर दिए गए बयान पर प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों के संगठनों ने भी आपत्ति जताई थी। उनके अनुसार उस समय राज्य सरकार और मुख्यमंत्री ने भी उस बयान से दूरी बना ली थी। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स और दुकानों पर नेम प्लेट लगाने संबंधी बयान तथा हाल ही में राम मंदिर के चंदे की जांच की मांग को लेकर दिए गए बयान पर भी विवाद हुआ था।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में नेताओं के बीच आगे निकलने की होड़ लगी हुई है और इसी वजह से बिना सोचे-समझे बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह भी इसी वजह से लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनसे उनकी अपनी पार्टी और परिवार असहज स्थिति में आ जाते हैं।

सतपाल सत्ती ने लोक निर्माण मंत्री के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कई सड़कें खराब हैं, विकास कार्य प्रभावित हैं और लोग मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि अपने विभाग में अपेक्षित काम नहीं होने की नाराजगी अब भाजपा नेताओं पर व्यक्तिगत टिप्पणियां करके निकाली जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा