भाजपा ने निकाय-पंचायत चुनाव के लिए बनाई रणनीति, कांग्रेस पर ईवीएम को लेकर साधा निशाना
शिमला, 06 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की बुधवार को शिमला में आयोजित एक बैठक के दौरान पार्टी नेताओं ने कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा के शिमला स्थित पार्टी मुख्यालय दीपकमल पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया, जिसके बाद आगामी पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों को लेकर संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति तैयार करने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने इसे आने वाले चुनावों के लिहाज से महत्वपूर्ण बैठक बताया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में बिहारी लाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हर चुनावी हार के बाद ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना कांग्रेस की राजनीतिक आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव विचारधारा, संगठन और जनसमर्थन के आधार पर लड़े जाते हैं, न कि संस्थाओं पर आरोप लगाकर।
उन्होंने पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में भाजपा की जीत को जनता का स्पष्ट जनादेश बताते हुए कहा कि कांग्रेस इसे स्वीकार करने के बजाय ईवीएम पर सवाल उठाकर अपनी निराशा दिखा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां कांग्रेस को जीत मिलती है, वहां वह चुनाव प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाती, जबकि हार के बाद वही प्रक्रिया संदिग्ध बताई जाती है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में वे प्रचार के लिए जाते हैं, वहां कांग्रेस को नुकसान होता है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक कमजोरियों पर विचार करना चाहिए, न कि बार-बार चुनाव आयोग या अन्य संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना चाहिए।
भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में कई सुधार किए गए हैं और चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया गया है। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा गया कि उनके नेतृत्व में पार्टी को लगातार चुनावी हार का सामना करना पड़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा