सूचना युद्ध के दौर में तकनीक और तथ्य भाजपा की सबसे बड़ी ताकत : शिव प्रकाश

 


ऊना, 02 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के आईटी विभाग की एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक सोमवार को माता चिंतपूर्णी में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश पांचवीं पीढ़ी के युद्ध यानी सूचना और नैरेटिव वॉर की चुनौती का सामना कर रहा है। ऐसे में तकनीक, तथ्यात्मक जानकारी और प्रभावी डिजिटल संचार संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं।

शिव प्रकाश ने कहा कि आज युद्ध केवल सीमाओं पर हथियारों से नहीं, बल्कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी लड़े जा रहे हैं। भ्रामक सूचनाओं और दुष्प्रचार के जरिए जनमत को प्रभावित करने के प्रयास किए जाते हैं। ऐसे में आईटी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे हर सूचना की सत्यता जांचें और तथ्यों के आधार पर जवाब दें।

प्रदेश में 8,007 व्हाट्सऐप ग्रुप सक्रिय

बैठक में प्रदेश आईटी संयोजक अनिल डडवाल ने हिमाचल प्रदेश में भाजपा के डिजिटल संगठनात्मक नेटवर्क की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेशभर में 8,007 व्हाट्सऐप ग्रुप सक्रिय हैं। इनके माध्यम से संगठन का महत्वपूर्ण संदेश मात्र पांच मिनट में अंतिम बूथ तक पहुंचाने की क्षमता विकसित की गई है।

उन्होंने बताया कि 'वन बूथ, वन आईटी प्रभारी' व्यवस्था के तहत प्रत्येक बूथ पर डिजिटल समन्वय मजबूत किया जा रहा है। इसके अलावा मंडल और बूथ स्तर पर संयोजकों तथा सह-संयोजकों की सक्रियता बढ़ाई जा रही है।

डडवाल ने कहा कि वेबैक्स के माध्यम से प्रतिमाह करीब 116 वर्चुअल बैठकें आयोजित की जाती हैं। वहीं, ब्रिज कॉल, सरल ऐप और नमो ऐप के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता अभियान तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम की बूथवार रिपोर्टिंग की जाती है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, पूर्व मंत्री एवं विधायक विक्रम ठाकुर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश आईटी संयोजक अनिल डडवाल, दिल्ली आईटी प्रमुख पुनीत अग्रवाल सहित आईटी विभाग और संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा