भाजपा ने निकाली सेवा ज्योति यात्रा, सेवा-सुशासन से जोड़े मोदी के 25 साल

 


शिमला, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला शिमला ने बुधवार को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया। मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। भाजपा ने इस अवसर को सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन विशेष रूप से मौजूद रहे। पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने मुख्य वक्ता के रूप में हिस्सा लिया। वाइब्रेशन हॉल में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन लाइव सुना।

प्रधानमंत्री ने अपने 25 वर्षों के राजनीतिक सफर को व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में नहीं, बल्कि देश और जनता के विश्वास से जुड़ी यात्रा बताया। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। भाजपा का प्रदेशव्यापी ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने भाजपा कार्यकर्ताओं को विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष किसी व्यक्ति के राजनीतिक जीवन का केवल एक पड़ाव नहीं हैं। यह सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र प्रथम की भावना से जुड़ी यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को फिर दोहराया है और प्रत्येक कार्यकर्ता को इस संकल्प को लोगों तक पहुंचाने का काम करना चाहिए।

भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण को अपनी प्राथमिकताओं में रखा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के अनुसार 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन और 60 करोड़ से अधिक गरीब नागरिकों को मुफ्त चिकित्सा उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के हालिया प्रस्ताव में यह भी बताया गया है कि बीते वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर आए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश स्पष्ट है कि राष्ट्र प्रथम होना चाहिए। विकसित भारत केवल प्रधानमंत्री का सपना नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक जब अपने कर्तव्य को राष्ट्र निर्माण से जोड़ेगा, तभी 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।

भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की राजनीतिक यात्रा गुजरात से शुरू होकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची है। इस दौरान सेवा और जनभागीदारी को शासन से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से सेवा ज्योति को एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित न रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गरीबों की सहायता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कामों के माध्यम से सेवा का यह अभियान लगातार आगे बढ़ना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा