हिमाचल में विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा
नाहन, 12 जुलाई (हि.स.)। साल 2027 में होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी का अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा अपने संगठन को मजबूत करने में जुट गया है। इसी सिलसिले में रविवार को नाहन स्थित भाजपा कार्यालय में मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों से पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान ने की। बैठक में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने पदाधिकारियों को संगठन विस्तार और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर संबोधित किया।
बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मनीष चौहान ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अनुसूचित जाति मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसे ध्यान में रखते हुए पूरे प्रदेश में संगठन को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्देशों के अनुसार हर बूथ पर पांच सदस्यों की टीम बनाई जा रही है। अब इन सदस्यों का सत्यापन किया जाएगा और अंतिम सूची तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह टीम घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेगी और जनसंवाद के माध्यम से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगी। उनके अनुसार प्रदेश के करीब आठ हजार बूथों में से छह हजार बूथों पर यह अभियान चलाया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान मनीष चौहान ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति वर्ग के लोग मौजूदा सरकार की नीतियों से सबसे अधिक प्रभावित हैं। उनका कहना था कि सरकार ने कई सरकारी स्कूल बंद किए हैं, जिनमें बड़ी संख्या ऐसे स्कूलों की है जहां अनुसूचित जाति परिवारों के बच्चे पढ़ते थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि इससे अनुसूचित जाति के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और ऐसे फैसलों का विरोध करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर