शिमला में महिला पदयात्रा के दौरान भाजपा का विरोध प्रदर्शन, महिलाओं ने उठाई आवाज

 




शिमला, 23 अप्रैल (हि.स.)। शिमला में गुरूवार को आयोजित “जन आक्रोश महिला पदयात्रा” के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। इस कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने महिलाओं के अधिकारों और भागीदारी को लेकर अपनी बात रखी और इसे एक जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की बात कही। लोकसभा में विपक्षी दलों द्वारा महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम को गिराने पर भाजपा ने इस ज़न आक्रोश पदयात्रा का आयोजन किया है। इस पदयात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से महिलाएं शिमला पहुंची हैं।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल और सांसद सुरेश कश्यप मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और महिला कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों को लेकर एक व्यापक संदेश देने का प्रयास है।

इस दौरान कार्यक्रम में शामिल लोगों के बीच हलवा भी वितरित किया गया, जिससे माहौल में उत्साह और आपसी एकजुटता देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने इसे एक सकारात्मक पहल बताया और कहा कि इस तरह के आयोजन से संगठन के भीतर जुड़ाव मजबूत होता है।

राजीव बिंदल ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी लोकतंत्र में महत्वपूर्ण है और इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं को अपनी आवाज उठाने का मंच देते हैं। वहीं सुरेश कश्यप ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी इसका संकेत है।

रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और पार्टी पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने महिला अधिकारों के समर्थन में अपनी आवाज उठाई। भाजपा नेताओं ने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा