पांवटा नगर परिषद पर भाजपा का कब्जा, कांग्रेस को लगा बड़ा झटका

 

नाहन, 20 मई (हि.स.)। पांवटा में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा राजनीतिक मास्टर स्ट्रोक खेलते हुए नगर परिषद पर कब्जा जमा लिया है। चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के चार-चार पार्षद जीतकर आए थे, जबकि पांच निर्दलीयों ने जीत हासिल की थी। लेकिन सत्ता की बाजी आखिरकार भाजपा अपने नाम करने में सफल रही।

भाजपा ने रणनीतिक चाल चलते हुए वार्ड नंबर-13 से कुलदीप, वार्ड नंबर-10 से मयंक और वार्ड नंबर-9 से इंदरजीत सिंह मीका को अपने साथ जोड़ लिया। इसके बाद नगर परिषद में भाजपा समर्थित बोर्ड का गठन किया गया, जिसमें वार्ड नंबर-1 से निर्मल कौर को अध्यक्ष और इंदरजीत सिंह मीका को उपाध्यक्ष चुना गया।

भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार ने कहा कि नई टीम विकास के एजेंडे पर काम करेगी और पांवटा साहिब को नई पहचान देने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता विकास चाहती है और भाजपा उसी सोच के साथ आगे बढ़ रही है।

नगर परिषद में हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद कांग्रेस खेमे में हलचल तेज हो गई है, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर