विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा ने शिमला में किया पौधारोपण

 


शिमला, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शिमला के संजौली क्षेत्र में भाजपा संजौली मंडल की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण को बचाने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम के दौरान संजीव कटवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता लगातार हिंदू और सनातन परंपराओं के प्रति विरोधी सोच का परिचय दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले मुख्यमंत्री को राधे-राधे के उद्घोष से परेशानी हुई थी और अब कांग्रेस के एक वरिष्ठ मंत्री को जय श्रीराम के नारे से आपत्ति है। कटवाल ने कहा कि इससे कांग्रेस की सोच और उसका रुख जनता के सामने स्पष्ट हो गया है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था, संस्कृति और परंपरा के प्रतीक हैं। ऐसे में जय श्रीराम के उद्घोष पर सवाल उठाना लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को राम मंदिर निर्माण से भी हमेशा आपत्ति रही है और जब देश में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ, तब भी कांग्रेस के कई नेताओं ने इस मुद्दे पर नकारात्मक रुख अपनाया।

संजीव कटवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस नेताओं के उन बयानों को भी नहीं भूली है, जिनमें यह कहा गया था कि वे हिमाचल प्रदेश की 97 प्रतिशत हिंदू आबादी को हराकर सत्ता में आए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाते हैं।

कटवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति, मर्यादा, आदर्श और राष्ट्र चेतना के प्रतीक भी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति छोड़कर देश की सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं का सम्मान करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा