सेना पर टिप्पणी के लिए कांग्रेस मंत्री जगत सिंह नेगी माफी मांगें : सिकंदर कुमार
शिमला, 21 नवंबर (हि.स.)। भारतीय सेना को लेकर कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा नेता डॉ. सिकंदर कुमार ने मंत्री के बयान की निंदा करते हुए विधानसभा अध्यक्ष से इसे सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में माफी मांगने और संबंधित मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री की ओर से भारतीय सेना के शौर्य पर टिप्पणी करना अनुचित है। सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं और अपना सर्वोच्च बलिदान देते हैं। ऐसे में उनके सम्मान से जुड़ी टिप्पणी से सैनिकों और उनके परिवारों की भावनाएं आहत हो सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह का बयान जवानों के मनोबल पर असर डालने वाला है। उन्होंने इसे कांग्रेस की सेना के प्रति सोच से जोड़ते हुए पार्टी नेतृत्व से इस मामले में जवाब देने की मांग की।
डॉ. सिकंदर कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल और कांग्रेस सरकारों के समय की तुलना करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी लगातार सैनिकों के साथ दीपावली मनाते आ रहे हैं। उन्होंने सियाचिन, कारगिल, लद्दाख, जैसलमेर और हिमाचल प्रदेश के लेपचा जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रधानमंत्री के जवानों के बीच पहुंचने का उल्लेख किया। उनके अनुसार, इस परंपरा से सेना के जवानों के प्रति सम्मान और उनका मनोबल बढ़ाने का संदेश गया है।
भाजपा सांसद ने पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने लंबे समय तक पूर्व सैनिकों की इस मांग को पूरा नहीं किया था। उनके मुताबिक, कांग्रेस शासन के दौरान इसके लिए करीब 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था, जबकि केंद्र की मोदी सरकार ने योजना लागू करने के बाद अब तक पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को 1.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी है।
उन्होंने रक्षा बजट में बढ़ोतरी का दावा करते हुए कहा कि वर्ष 2013-14 में यूपीए सरकार के दौरान रक्षा बजट करीब 2.53 लाख करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 6.21 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि भारत का रक्षा निर्यात भी 21 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। उनके बयान के अनुसार सेना को राफेल लड़ाकू विमान, एस-400 मिसाइल प्रणाली, बुलेटप्रूफ जैकेट और आधुनिक स्वदेशी हथियारों से लैस किया गया है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने राष्ट्रीय समर स्मारक का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश में शहीद सैनिकों के सम्मान में राष्ट्रीय स्तर का युद्ध स्मारक नहीं बनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2019 में राष्ट्रीय समर स्मारक राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने इसे शहीद जवानों के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को वीरभूमि के रूप में जाना जाता है। प्रदेश के हजारों जवान सेना में सेवाएं दे रहे हैं और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक तथा उनके परिवार यहां रहते हैं। ऐसे राज्य की विधानसभा में सेना के प्रति अमर्यादित टिप्पणी से सैनिकों और उनके परिवारों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से मंत्री के बयान को सदन की कार्यवाही से हटाने और कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा