भाजपा का सुक्खू सरकार पर प्रतिशोध की राजनीति का आरोप, 5 अगस्त को शिमला में धरना प्रदर्शन

 


शिमला, 04 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल ने कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, आपदा प्रबंधन और चुनावी वादों को पूरा नहीं करने जैसे कई मुद्दों पर निशाना साधा है। पार्टी ने घोषणा की है कि इन मुद्दों के विरोध में 5 अगस्त को शिमला में विरोध प्रदर्शन और मार्च निकाला जाएगा। साथ ही कहा है कि विधानसभा के मानसून सत्र में सरकार को विभिन्न जनहित के मुद्दों पर घेरा जाएगा।

भाजपा विधायक दल की बैठक मंगलवार को शिमला में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी मौजूद रहे।

बैठक के बाद विधायक दल के सचिव और विधायक रणधीर शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बैठक में प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, कांग्रेस सरकार की कार्यशैली और 21 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार भाजपा के विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला परिषद सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों के खिलाफ लगातार झूठे मामले दर्ज कर रही है। उनका कहना था कि पुलिस, प्रशासन और सरकारी एजेंसियों का राजनीतिक उद्देश्य से इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताते हुए कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि इन आरोपों के विरोध में 5 अगस्त को सुबह 10 बजे शिमला के सीटीओ चौक से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन और मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें भाजपा के सभी विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। उनके अनुसार यह अभियान केवल शिमला तक सीमित नहीं रहेगा और पार्टी पूरे प्रदेश में कांग्रेस सरकार की कार्यशैली के खिलाफ आवाज उठाएगी।

भाजपा विधायक दल ने प्रदेश में भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया। रणधीर शर्मा ने कहा कि विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों को दस्तावेजों के साथ विधानसभा में उठाया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों की लंबित देनदारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन और अन्य वित्तीय लाभ, युवाओं को हर वर्ष एक लाख सरकारी नौकरियां देने के वादे तथा कांग्रेस की अन्य चुनावी गारंटियों को पूरा नहीं किए जाने के मुद्दों को भी सदन में उठाने की बात कही।

रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री के हालिया राजनीतिक बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हाल के पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के चुनाव परिणामों से जनता का रुख स्पष्ट हुआ है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से निराश है और भाजपा को भविष्य में इसका राजनीतिक लाभ मिलेगा।

भाजपा विधायक दल ने एक अन्य आरोप लगाते हुए कहा कि उसके नेताओं और विधायकों की निगरानी कराई जा रही है तथा उनके फोन टैप किए जा रहे हैं। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कहा कि वह इस मुद्दे को भी मजबूती से उठाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा