28 को पोंटा में भाजपा जन प्रतिनिधि सम्मान समारोह, जयराम ठाकुर करेंगे अध्यक्षता

 

नाहन, 20 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी विधानसभा पाँवटा साहिब के दोनों मंडलों की संयुक्त बैठक पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह पाँवटा साहिब में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 28 सितंबर को रामलीला मैदान पाँवटा साहिब में आयोजित होने वाले जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह एवं भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सुखराम चौधरी ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से मजबूत हुआ है। पाँवटा साहिब में आयोजित होने वाला जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं के उत्साह का महत्वपूर्ण अवसर होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दोनों मंडलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका संगठन के लिए महत्वपूर्ण है और कार्यकर्ताओं के सम्मान से उनका उत्साह और अधिक बढ़ता है।

28 सितंबर को रामलीला मैदान पाँवटा साहिब में होने वाले कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, विधायिका रीना कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर तथा भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर