हिमाचल में दो-तिहाई बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार : सिकंदर कुमार

 


शिमला, 15 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने दावा किया है कि हिमाचल प्रदेश की जनता वर्तमान कांग्रेस सरकार से निराश है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव का माहौल बन रहा है और कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय है।

शिमला जिला के रोहड़ू और जुब्बल-कोटखाई के दौरे पर पहुंचे डॉ. सिकंदर कुमार ने सोमवार को विभिन्न संगठनात्मक और सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।

पौधरोपण के बाद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज जो पेड़ हमें छाया और स्वच्छ वातावरण दे रहे हैं, उन्हें पिछली पीढ़ियों ने लगाया था। अब यह जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है कि वह आने वाले समय के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनका संरक्षण भी करे। उन्होंने लोगों से इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

अपने दौरे के दौरान सांसद ने विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात कर जनसंपर्क भी किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जनता में उत्साह का माहौल है। उनके अनुसार केंद्र सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है और लोग सरकार की नीतियों से संतुष्ट हैं।

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता मौजूदा कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली से हताश और निराश है। उन्होंने दावा किया कि जनता आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को स्पष्ट जनादेश देगी और राज्य में पार्टी मजबूत बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी।

दौरे के दौरान डॉ. सिकंदर कुमार ने जिला महासू की संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता भी की। बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा