कांग्रेस के गढ़ रामपुर में बदला सियासी समीकरण, नगर परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पर पहली बार भाजपा काबिज
शिमला, 06 जुलाई (हि.स.)। जिला शिमला के रामपुर बुशहर नगर परिषद की राजनीति में सोमवार को ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने स्थानीय सियासी समीकरणों को नई चर्चा दे दी। नगर परिषद के इतिहास में पहली बार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकालकर जश्न मनाया, जबकि पार्टी नेताओं ने इसे क्षेत्र की राजनीति में बदलाव का संकेत बताते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए भी अहम संदेश बताया।
रामपुर बुशहर नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा समर्थित करण शर्मा अध्यक्ष और रोहित नेगी उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित हुए।
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद रामपुर के एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने दोनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नगर परिषद कार्यालय से रामपुर बाजार होते हुए रैन बसेरा तक विजय जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान समर्थकों ने जीत का उत्सव मनाया। इसके बाद रैन बसेरा में आयोजित सभा में भाजपा नेताओं ने इस परिणाम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पहली बार नगर परिषद की दोनों शीर्ष जिम्मेदारियां भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पास आई हैं।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा ने कहा कि प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि रामपुर में मिली जीत जनता के बदलते राजनीतिक विश्वास का संकेत है। उनके अनुसार यह परिणाम वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों का भी संकेत माना जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि रामपुर को कांग्रेस का गढ़ माना जाता रहा है और इस जीत ने स्थानीय राजनीति में नया अध्याय जोड़ा है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश सचिव शिशु भाई धर्मा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का स्वागत करते हुए नगर परिषद क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर काम करने की बात कही।
नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष रोहित नेगी ने कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के विकास, लोगों की समस्याओं के समाधान और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा