देव समाज प्रकोष्ठ को मंडल स्तर तक मजबूत करेगी भाजपा : कणव वैद्य
मंडी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा देव समाज प्रकोष्ठ मंडी के नौ मंडलों में संयोजकों की नियुक्ति के बाद एक सप्ताह में मंडलों की टीम गठित करेगा। प्रदेश संयोजक प्रेम प्रसाद एवं भाजपा जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा के साथ विचार-विमर्श के उपरांत संगठनात्मक जिला मंडी के लिए मंडल संयोजकों की घोषणा की गई है।
देव समाज प्रकोष्ठ के जिला संयोजक कणव वैद्य ने बताया कि संगठनात्मक जिला मंडी के सभी 13 मंडलों में देव समाज प्रकोष्ठ के संगठनात्मक कार्यों को गति देने के उद्देश्य से नौ मंडल संयोजकों की जिम्मेदारी तय की गई है। घोषित सभी संयोजक तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालेंगे तथा एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने मंडल की टीम का गठन करेंगे, जिसमें मंडल आईटी का एक सदस्य भी शामिल होगा।
घोषित मंडल संयोजकों में कमलेश वर्मा जोगिंदरनगर-चौंतड़ा, ओम प्रकाश बालीचौकी-थुनाग, डोलेराम जंजैहली, कश्मीर सिंह द्रंग-पधर, अशोक शर्मा लड़भड़ोल, सुभाष ठाकुर कोटली, धर्मपाल शर्मा नेरचौक-रिवालसर, पारस गौतम मंडी सदर तथा सोहन भंडारी स्नोर शामिल हैं। जिला संयोजक कणव वैद्य ने सभी नवनियुक्त संयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंडल स्तर पर संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाना प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि सभी संयोजक अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए सक्रियता के साथ कार्य करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा