कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करेगी भाजपा, कोर ग्रुप की बैठक में बनाई रणनीति
शिमला, 23 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी शिमला में गुरूवार को भाजपा के प्रदेश कोर ग्रुप और पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें पार्टी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना रुख और तेज करने का फैसला किया। यह बैठक चक्कर स्थित दीपकमल कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, संजीव कटवाल और पायल वैद्य समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की गई और कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए भाजपा ने इसे जनता की उम्मीदों पर खरा न उतरने वाला बताया। नेताओं ने कहा कि अब पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी और सरकार की नीतियों और फैसलों को लोगों के बीच मुद्दा बनाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनता का विश्वास खो दिया है और अब वह केवल वादों और दावों के सहारे चल रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले नगर निगम और पंचायती राज चुनावों में इसका असर दिखेगा। उन्होंने संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करना ही जीत की कुंजी है।
सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि भाजपा का संगठन उसकी सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ता सालभर लोगों के बीच रहकर काम करता है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास न स्पष्ट नीति है, न मजबूत नेतृत्व और न ही जमीनी पकड़।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सरकार से निराश है और बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता चुनाव के जरिए इसका जवाब देगी।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा सरकार की कथित विफलताओं को जनता के बीच ले जाएगी और जवाबदेही तय करेगी। उन्होंने प्रदेश में बेरोजगारी, प्रशासनिक सुस्ती, कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार जैसे मुद्दों को उठाया और कहा कि इन मुद्दों पर पार्टी व्यापक जनआंदोलन खड़ा करेगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन, जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज किया जाएगा, ताकि कांग्रेस सरकार की नीतियों को जनता के सामने रखा जा सके। भाजपा नेताओं ने भरोसा जताया कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के प्रयासों के दम पर पार्टी आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा