भाजपा ने चुनाव आयोग से की मुख्यमंत्री की शिकायत, आचार संहिता में घोषणाओं का आरोप
शिमला, 28 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों के दौरान लागू आदर्श चुनाव आचार संहिता के बीच विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के शिमला जिला के नेरवा दौरे को लेकर राज्य चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करवाई है। भाजपा का आरोप है कि मुख्यमंत्री ने 27 मई को नेरवा दौरे के दौरान नई वित्तीय घोषणाएं कीं, जो आचार संहिता का उल्लंघन हैं।
भाजपा के मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजे शिकायत पत्र में कहा है कि प्रदेश में इस समय पंचायती राज चुनाव चल रहे हैं और आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच से विकास कार्यों और वित्तीय सहायता से जुड़ी घोषणाएं कीं।
भाजपा के अनुसार मीडिया रिपोर्टों और सार्वजनिक बयानों में यह सामने आया है कि मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नेरवा के लिए करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से नए भवन निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा स्कूल से जुड़ी अन्य सुविधाओं और विकास कार्यों का भी आश्वासन दिया गया।
पार्टी ने आरोप लगाया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान नई वित्तीय घोषणाएं करना और सरकारी मंचों के माध्यम से मतदाताओं को प्रभावित करने वाले बयान देना आदर्श चुनाव आचार संहिता की भावना के खिलाफ है। भाजपा का कहना है कि इससे चुनावी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
कर्ण नंदा ने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा और वहां की गई घोषणाएं चुनावी माहौल को प्रभावित करने का प्रयास प्रतीत होती हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और यदि आचार संहिता का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा