पश्चिम बंगाल में जीत पर भाजपा का शिमला में जश्न

 


शिमला, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल व अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव में मिली बम्पर जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शिमला के सीटीओ चौक पर जोरदार जश्न मनाया। जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर बधाई दी और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जाहिर की।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विनोद कुमार, सुरेश भारद्वाज और गणेश दत्त मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर इस जीत का जश्न मनाया और इसे पार्टी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस जीत ने कार्यकर्ताओं में नया जोश और आत्मविश्वास भरा है।

विधायक विनोद कुमार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली सफलता से यह स्पष्ट होता है कि पार्टी के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती के कारण यह परिणाम संभव हो पाया है। उन्होंने इसे देशभर के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लहराए और सामूहिक रूप से जीत की खुशी साझा की। सीटीओ चौक पर कुछ समय तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा, जहां राहगीरों का भी ध्यान इस जश्न की ओर आकर्षित हुआ।

भाजपा नेताओं ने कहा कि इस तरह की सफलताएं संगठन को और मजबूती देती हैं और भविष्य के लिए सकारात्मक संदेश देती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी पार्टी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करेगी और कार्यकर्ताओं का उत्साह इसी तरह बना रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा