भाजपा का स्थापना दिवस कार्यकर्ताओं के समर्पण का प्रतीक: डॉ. सिकंदर कुमार

 


शिमला, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस रविवार को उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला हमीरपुर के नादौन विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 84 पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लेकर स्थापना दिवस को सामूहिक रूप से मनाया।

राज्यसभा सांसद व प्रदेश भाजपा महासचिव डॉ. सिकंदर कुमार ने स्थापना दिवस के अवसर पर कहा कि यह दिन भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं के समर्पण और परिश्रम को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूत कार्यशैली के कारण ही भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी का ध्वज फहराकर की गई। इसके बाद महापुरुषों को पुष्पांजलि अर्पित की गई और पार्टी की विकास यात्रा, अंत्योदय के संकल्प तथा राष्ट्र निर्माण में भाजपा की भूमिका पर चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया।

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा “सेवा ही संगठन” के मंत्र के साथ देश के विकास और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की योजनाओं और नीतियों को लोगों तक पहुंचाएं और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

स्थापना दिवस के अवसर पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी समाज सेवा से जुड़े विभिन्न संकल्प लिए और भविष्य में संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने का भरोसा जताया। इस मौके पर स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और आम लोगों से संवाद बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि भाजपा की ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है और स्थापना दिवस ऐसे ही कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान देने का अवसर होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन भविष्य में भी इसी तरह मजबूत होता रहेगा और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा