मोदी सरकार के 12 साल: भाजपा ने तेज किया घर-घर जनसंपर्क अभियान

 


शिमला, 18 जून (हि.स.)। शिमला में भाजपा जिला शिमला की मासिक बैठक के दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित बताया। बैठक में आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा की गई तथा कार्यकर्ताओं को बूथ और पंचायत स्तर तक सक्रिय रहने का संदेश दिया गया।

चक्कर स्थित दीपकमल कार्यालय में वीरवार को आयोजित बैठक में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी सुरेश चंदेल विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए सुरेश चंदेल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीबों के कल्याण, सुशासन और विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ पहुंचाया गया है।

सुरेश चंदेल ने कहा कि केंद्र सरकार ने बड़ी संख्या में लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने, करोड़ों लोगों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराने, लाखों परिवारों को पक्के मकान देने और जनधन खातों के जरिए लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पंचायत स्तर पर मनाया जाएगा। इसके बाद 25 जून को आपातकाल की बरसी को भाजपा काला दिवस के रूप में मनाएगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि इस दिन लोकतंत्र पर हुए हमले को याद किया जाएगा। वहीं 28 जून को बूथ स्तर पर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात को सामूहिक रूप से सुनेंगे।

इसके अलावा स्वच्छता अभियान, पौधारोपण अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ता मिलन कार्यक्रम और अन्य जनसंपर्क गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। भाजपा का कहना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

बैठक के बाद बालूगंज क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान भी चलाया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने करीब 25 घरों में पहुंचकर मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों से संबंधित पत्रक वितरित किए। कार्यकर्ताओं ने लोगों को विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की जानकारी दी और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा