जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए भारतीय मानक ब्यूरो ने आयोजित की संवेदीकरण कार्यशाला

 


मंडी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय मानक ब्यूरो बीआईएस, परवाणू शाखा कार्यालय द्वारा जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को डीआरडीए सभागार में किया गया। जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने की। अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण उत्पादों और सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मानकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने संबंधित विभागों को भारतीय मानक ब्यूरो के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।

कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भारतीय मानक ब्यूरो की गतिविधियों, मानकों के महत्व तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं के बारे में जागरूक करना रहा। इस दौरान अधिकारियों को भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा निर्धारित मानकों, प्रमाणन व्यवस्था, गुणवत्ता नियंत्रण तथा उपभोक्ता हितों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

कार्यशाला बीआईएस परवाणू शाखा कार्यालय के गोरेनांद यादव, वैज्ञानिक-सी/संयुक्त निदेशक और अमित तिवारी, वैज्ञानिक-बी/सहायक निदेशक ने अधिकारियों को बीआईएस के ई-बीआईएस पोर्टल तथा बीआईएस केयर ऐप के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। अधिकारियों से आग्रह किया गया कि वे अपने-अपने विभागों में मानकीकरण एवं गुणवत्ता संबंधी प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।

उन्होंने सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग, गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों के कार्यान्वयन और उपभोक्ता सशक्तिकरण के लिए बीआईएस केयर ऐप , मानक ऑनलाइन पोर्टल तथा बीआईएस वेबसाइट के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को अनिवार्य उत्पादों के लिए आईएसआई मार्क, सीआरएस पंजीकरण मार्क, बिना आईएसआई व बिना हॉलमार्क वाले उत्पादों की बिक्री पर अंकुश लगाने में जिला प्रशासन की भूमिका और बीआईएस के माध्यम से शिकायत निवारण प्रक्रिया के प्रति संवेदनशील बनाया।बैठक के दौरान एक प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों व शंकाओं का बीआईएस अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया। इस बैठक में विभिन्न विभागों से अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा