नड्डा के दौरे ने कांग्रेस सरकार की बेचैनी बढ़ाई, जनता के सामने नाकामियां उजागर : राजीव बिंदल

 




शिमला, 14 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के दो दिवसीय हिमाचल दौरे ने प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा किया है। उन्होंने दावा किया कि इस दौरे के दौरान नड्डा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कार्यशैली और उसकी विफलताओं को जनता के सामने रखा, जिससे सरकार और कांग्रेस नेताओं में बेचैनी बढ़ गई है।

बिंदल ने रविवार को एक बयान में कहा कि नड्डा के कार्यक्रमों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि इससे यह संकेत मिलता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों के प्रति लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस सरकार जनता का विश्वास खो रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अपने दौरे के दौरान नड्डा ने केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को दी गई आर्थिक सहायता और विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख किया। उनके अनुसार केंद्र सरकार ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रेलवे, आधारभूत ढांचे और आपदा राहत सहित कई क्षेत्रों में प्रदेश को बड़ी वित्तीय सहायता प्रदान की है। बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार इन संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने में सफल नहीं रही है।

उन्होंने कहा कि नड्डा द्वारा प्रदेश सरकार को कट मनी सरकार कहे जाने के बाद कांग्रेस नेताओं के पास जवाब नहीं है। बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और विभिन्न वर्गों के लोग समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता यह जानना चाहती है कि केंद्र से मिलने वाले विकास के लिए धन का उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है।

डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि रोजगार, निवेश, पर्यटन, उद्योग और जनकल्याण जैसे क्षेत्रों में सरकार अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई है। उनके अनुसार प्रदेश की आर्थिक स्थिति भी चुनौतियों का सामना कर रही है और सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने का प्रयास कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नड्डा ने अपने दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकों में पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मिली सफलता के लिए प्रदेश की जनता का आभार भी जताया। बिंदल ने कहा कि भाजपा इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम मानती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा