नवरात्र से पहले नाहन की सड़कों और सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल : डॉ. राजीव बिंदल
नाहन, 02 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के बिगड़ते हालात पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नवरात्र, नववर्ष और रामनवमी जैसे पावन पर्व निकट हैं और लाखों श्रद्धालु माता त्रिलोकपुर बाला सुंदरी के दर्शनों के लिए पहुंचते हैं, लेकिन क्षेत्र की सड़कों और सफाई व्यवस्था की स्थिति अत्यंत खराब है।
उन्होंने आरोप लगाया कि काला आम से त्रिलोकपुर तक की सड़क खस्ता हाल में है। नालियां कूड़े से भरी पड़ी हैं और सड़कों पर गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। मैन थापल से त्रिलोकपुर मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। काला आम से नागल सुकेती तथा मोगीनंद से मारकंडा पुल होते हुए नागल सुकेती तक की सड़क भी जर्जर हालत में है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि मारकंडा नदी गंदे नाले में तब्दील हो चुकी है और काला आम पंचायत में कूड़े के ढेर लगे हैं। बेसहारा पशुओं और धूल के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति के बावजूद प्रदेश सरकार ने एंट्री टैक्स में 200 प्रतिशत की वृद्धि कर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर