ल्होड़ी पंचायत की जनता विकास के इंतजार में, कांग्रेस सरकार ने बंद कर दिए सड़क-पुल के काम : डॉ. राजीव बिंदल

 


नाहन, 24 सितंबर (हि.स.)। नाहन विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाली पल्होड़ी पंचायत की सड़क, पुल, पेयजल, भूमि कटाव और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल वीरवार को एसडीएम पांवटा साहिब से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा और लंबित विकास कार्यों को शीघ्र शुरू करवाने की मांग की।

डॉ. बिंदल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र की पल्होड़ी पंचायत क्षेत्र की सबसे पिछड़ी और दुर्गम पंचायतों में शामिल है। ऐसे क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने की आवश्यकता है, लेकिन कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद पहले से चल रहे अनेक विकास कार्य ठप पड़े हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2022 तक भाजपा सरकार के कार्यकाल में पल्होड़ी पंचायत में सड़क निर्माण के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे थे। कांग्रेस सरकार बनने के बाद सड़क और पुल निर्माण के अनेक कार्यों को रोक दिया गया।

उन्होंने कहा कि पंचायत में स्कूल के समीप एक महत्वपूर्ण पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। पुल के सभी पाये तक तैयार हो चुके थे, लेकिन लंबे समय से इसका निर्माण कार्य बंद पड़ा है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों, मरीजों और आम ग्रामीणों की आवाजाही पर पड़ रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि पल्होड़ी में खड्ड के कारण लगातार भूमि कटाव हो रहा है। किसानों की उपजाऊ भूमि को नुकसान पहुंच रहा है और उनकी वर्षों की मेहनत खतरे में है । सरकार किसानों की जमीन को लगातार हो रहे नुकसान को गंभीरता से ले और सुरक्षा कार्य तत्काल शुरू करवाए।।

डॉ. बिंदल ने कहा कि पल्होड़ी पंचायत में वर्ष 2022 में शुरू किए गए पेयजल कार्य आज भी अधर में लटके हुए हैं। परिणामस्वरूप अनेक ग्रामीण आज भी खड्डों का असुरक्षित पानी पीने को मजबूर हैं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पांवटा साहिब से नाहन स्थानांतरित किए जाने के कारण पल्होड़ी क्षेत्र के लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग अपने अधिकांश रोजमर्रा के कार्यों के लिए पांवटा साहिब आते हैं, लेकिन अब लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग से जुड़े कामों के लिए उन्हें नाहन जाना पड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर