17 मई को चारों नगर निगमों में कमल खिलाकर भाजपा को विजय बनाएं : डॉ. राजीव बिंदल
नाहन, 16 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने 17 मई को होने वाले सोलन, धर्मशाला, मंडी और पालमपुर नगर निगम चुनावों के लिए मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन चारों नगर निगमों में भाजपा की जीत से विकास का नया दौर शुरू होगा और जनता को कांग्रेस सरकार की विफलताओं से मुक्ति मिलेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विकास के बजाय संस्थानों को बंद करने और जनता को सुविधाओं से वंचित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बार-बार यह कहती रही कि उनके पास विकास के लिए पैसा नहीं है, जबकि भाजपा केंद्र सरकार के सहयोग से हिमाचल के विकास के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध करवाएगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि अगले वर्ष प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार पहले से कार्य कर रही है और प्रदेश में भी भाजपा सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यदि इन चारों नगर निगमों में भाजपा की नगर निगम सरकार बनती है तो सोलन, धर्मशाला, मंडी और पालमपुर में आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग, सड़क और अन्य विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
डॉ. बिंदल ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस की झूठी गारंटियों और विफलताओं को जवाब देने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को वोट देकर नगर निगमों में विकास, पारदर्शिता और जनहित की सरकार स्थापित करें ताकि इन चारों शहरों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर