डॉ. बिंदल ने बाल्मीकि बस्ती में मनाया रक्षा बंधन

 


नाहन, 27 अगस्त (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा मंडल नाहन द्वारा आज रक्षा बंधन को लेकर एक कार्यक्रम नाहन के बाल्मीकि बस्ती में आयोजित किया गया। जिसकी अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने की। इस कार्यक्रम में महर्षि वाल्मीकि का पूजन किया गया और उसके बाद महिलाओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल को राखी बांधकर उनकी सुख समृद्धि की कामना की।

डॉ. बिंदल ने कहा कि बहनों के इस आत्मीय प्रेम और सम्मान को वह जीवन भर अपने हृदय में संजोकर रखेंगे। उन्होंने कहा कि राखी का यह पवित्र धागा केवल एक पर्व का प्रतीक नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का पवित्र बंधन है।उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ा एक भावनात्मक पर्व है, जो आपसी स्नेह, सम्मान और विश्वास को मजबूत करता है। बहनों द्वारा दिया गया यह स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि हम सब भारतमाता के पुत्र पुत्रियाँ है, न कोई छोटा है न कोई बड़ा है। हमको एक जुट होकर अपने देश और प्रदेश की उन्नति में सहयोग देना है। इस रक्षा बंधन का यही संदेश है कि हम सामाजिक समरसता के साथ देश के विकास में आगे आएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर