पंचायत चुनाव के पहले चरण में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की बड़ी जीत : हिमाचल भाजपा

 


शिमला, 27 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने दावा किया है कि हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने प्रचंड जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि 26 मई को प्रदेश की 1293 पंचायतों में हुए मतदान के बाद प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार लगभग 75 प्रतिशत पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रधान और उपप्रधान उम्मीदवार विजयी रहे हैं।

डॉ. बिंदल ने बुधवार को एक बयान में कहा कि पंचायत चुनाव के परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से निराश है। उन्होंने इसे कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का जनमत संग्रह बताते हुए कहा कि गांव-गांव में कांग्रेस के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों से बड़े वादे किए थे, लेकिन ढाई वर्षों में जनता को केवल महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा। महिलाओं को आर्थिक सहायता देने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के वादे अधूरे हैं, जबकि किसान और बागवान अपनी उपज के उचित दाम के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं और आम जनता बिजली-पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की बढ़ती कीमतों से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनाव में कई बड़े कांग्रेस नेताओं को अपने क्षेत्रों में हार का सामना करना पड़ा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने सभी विजयी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति में जनता के विश्वास की जीत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला