कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ भाजपा का हल्लाबोल, बिंदल ने विधायक पर साधा निशाना

 


नाहन, 09 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के माता कटासन मंडल की महत्वपूर्ण बैठक धौलाकुआं में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश की कांग्रेस सरकार और नाहन विधायक अजय सोलंकी की कार्यशैली की कड़े शब्दों में आलोचना की गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए कई संस्थानों को कांग्रेस सरकार ने बंद कर दिया है। उन्होंने धौलाकुआं के भारापुर स्थित सीएचसी और सैनवाला मुबारिकपुर की पीएचसी बंद किए जाने पर रोष जताते हुए कहा कि इससे हजारों लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।

बिंदल ने कहा कि माता कटासन मंडल की 18 पंचायतों में सड़कों की हालत खराब है और क्षेत्र में कोई नया पुल या सड़क नहीं बनाई गई। उन्होंने पांवटा साहिब से कालाआम मार्ग की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई।

उन्होंने कहा कि पांवटा ब्लॉक की 13 पंचायतों से पीडब्ल्यूडी और आईपीएच के अधिशासी अभियंताओं के कार्यालय नाहन स्थानांतरित करने से जनता को दिक्कतें हो रही हैं। भाजपा इसका विरोध करेगी।

डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर बेरोजगारों, महिलाओं और गरीबों से धोखा करने का आरोप लगाते हुए कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को साथ लेकर कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर