बिंदल ने सरकार को दी चेतावनी, मुद्दे नहीं सुलझे तो भाजपा करेगी जन आंदोलन
नाहन, 24 अगस्त (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोमवार को नाहन में प्रेस वार्ता कर जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाते हुए प्रदेश सरकार को चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो भाजपा जनता के साथ मिलकर जन आंदोलन करेगी।
डॉ. बिंदल ने सिरमौर और सोलन सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई मामलों में न जमीन का मालिक हिमाचल का है, न खरीदार और न ही संपत्ति हिमाचल में है, इसके बावजूद पावर ऑफ अटॉर्नी यहां तैयार की जा रही है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की जांच कर दोषियों और संरक्षण देने वालों का खुलासा करने की मांग की।
उन्होंने पांवटा साहिब से कालाअंब तक चलने वाले बड़े ट्रालों और टिप्परों पर भी सवाल उठाए। बिंदल ने कहा कि ओवरलोड और लंबे वाहन अक्सर सड़कों पर खड़े रहते हैं, जिससे कई घंटों तक जाम लगता है और एंबुलेंस भी फंस जाती हैं। उन्होंने इन वाहनों की परमिशन, टैक्स और बिना नंबर चलने वाले वाहनों की जांच की मांग की।
बिंदल ने क्षेत्र में लंपी बीमारी से पशुओं की मौत पर चिंता जताते हुए कहा कि 50 से अधिक पशुओं की मौत से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने पशु चिकित्सा सुविधाओं और दवाइयों की कमी का आरोप लगाते हुए सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग की।
उन्होंने नाहन क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर भी चिंता जताई और पुलिस प्रशासन से कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। बिंदल ने कहा कि भाजपा जनता से जुड़े सभी मुद्दों को लेकर संघर्ष करेगी और समाधान नहीं होने पर सड़कों पर उतरकर व्यापक जन आंदोलन करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर