पांवटा साहिब में कांग्रेस सरकार पर बरसे डॉ. राजीव बिंदल, बोले जनता का भरोसा पूरी तरह टूटा
नाहन, 04 जुलाई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के 75 वर्षों के इतिहास में यह पहली सरकार है जिसने करीब 2,000 सरकारी संस्थानों को बंद किया है। उनका दावा था कि इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित हुई हैं तथा लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने जिला सिरमौर का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यहां 100 से अधिक संस्थानों को बंद किया गया, जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है।
डॉ. राजीव बिंदल ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों, बढ़ते भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था और जनविरोधी फैसलों से प्रदेश की जनता निराश है। जनता बदलाव चाहती है और 2027 में भाजपा को स्पष्ट जनादेश देकर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और प्रदेश में मजबूत सरकार का गठन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के बजाय राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दे रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की कार्यशैली से निराश है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और सरकार की नीतियों का विरोध जारी रखेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर