भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने मेडिकल कॉलेज नाहन को लेकर घेरी सरकार
नाहन, 25 मार्च (हि.स.)। प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में नाहन स्थित डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की सिफारिशों को मंजूरी दिए जाने के बाद सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा राजीव बिंदल ने बुधवार को सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार 2022 में सत्ता में आई थी और यदि मेडिकल कॉलेज को शिफ्ट करना ही था तो शुरुआत में निर्णय लिया जाना चाहिए था। अब साढ़े तीन साल बाद लिया गया यह फैसला क्षेत्र के लोगों के साथ अन्याय है, क्योंकि नए संस्थान को बनने में कम से कम पांच वर्ष लगेंगे। इससे स्वास्थ्य सेवाओं पर नकारात्मक असर पड़ेगा।
बिंदल ने यह भी आरोप लगाया कि नाहन में प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज और माता-शिशु अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट भी अधूरे पड़े हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से इसके लिए धनराशि भी उपलब्ध करवाई गई थी, लेकिन राज्य सरकार इन योजनाओं को धरातल पर उतारने में विफल रही है। उनके अनुसार, कांग्रेस सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हो रहा।
इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा एंट्री टैक्स को 70 रुपये से बढ़ाकर 170 रुपये करने के निर्णय की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने इसे “बेरहम टैक्स” बताते हुए कहा कि इससे नाहन, काला अंब और त्रिलोकपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों पर सीधा असर पड़ेगा।
बिंदल ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां के लोगों का पड़ोसी राज्यों से रोजमर्रा का संपर्क रहता है। ऐसे में एंट्री टैक्स से आम जनता और व्यापारियों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने पेट्रोल पर बढ़ाए गए 5 रुपये को भी अनुचित करार दिया और चेतावनी दी कि भाजपा इसके खिलाफ जन-जागरण अभियान चलाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर