जनगणना के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

 


मंडी, 24 अगस्त (हि.स.)। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना के सफल संचालन को लेकर जनगणना ड्यूटी में लगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन एसडीएम करसोग अलीशा चौहान की अध्यक्षता में किया गया। एसडीएम कार्यालय के सभागार और नगर पंचायत के कॉन्फ्रेंस हॉल में दो स्थानों पर आयोजित जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 100 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं एवं दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनसंख्या गणना के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया, परिवारों एवं व्यक्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी का संकलन, जनगणना कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण करने के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार एवं चार्ज ऑफिसर जनगणना पृथी चंद ने जनगणना कार्य में शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

उन्होंने कहा कि सभी प्रगणक और पर्यवेक्षक जनसंख्या गणना के लिए, उन्हें उपलब्ध करवाई गई अनुदेश पुस्तिका का गहन अध्ययन कर उसमें दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनगणना प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना संबंधी कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा प्रगणक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा