भाई हिरदा राम की जयंती पर किया नमन, जीवित विभूतियों को सम्मान देने का आह्वान

 




मंडी, 28 नवंबर (हि.स.)। महान स्वतंत्रता सेनानी भाई हिरदा राम की जयंती शनिवार को इंदिरा मार्केट की छत पर मनाई गई। कार्यक्रम में नगर निगम मंडी के उपमहापौर जितेंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाई हिरदा राम स्मारक स्थल पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

भाई हिरदा राम स्मारक कार्यसमिति के कार्यकारी सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता पंडित मनोहर लाल शर्मा ने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि 28 नवंबर 1885 को मंडी में जन्मे भाई हिरदा राम की जयंती उनके परिवारजन वर्षों बाद भी श्रद्धा के साथ मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज में अनेक ऐसी विभूतियां हैं, जिन्हें जीवनकाल में उचित सम्मान नहीं मिल पाता। जीवित विभूतियों को तलाशकर सम्मानित किया जाना चाहिए, क्योंकि मरने के बाद तो हर कोई उन्हें याद करता है।

भाई हिरदा राम के जीवन पर उपन्यास लिखने वाले गंगाराम राजी ने कहा कि उनके करीब 200 पृष्ठों के उपन्यास में स्वतंत्रता सेनानी के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध हैं।

सरदार पटेल विश्वविद्यालय के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा ने कहा कि मंडी की अन्य विभूतियों के जीवन और योगदान पर भी शोध किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय मंडी के 500 वर्ष पुराने इतिहास का संकलन कर पुस्तक प्रकाशित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसमें भाई हिरदा राम सहित अन्य महान व्यक्तित्वों के जीवनचरित्र को भी स्थान दिया जाएगा।

वक्ताओं ने बताया कि भाई हिरदा राम गदर पार्टी के प्रमुख सदस्य थे और क्रांतिकारी रास बिहारी बोस के निकट सहयोगी रहे। लाहौर बम कांड में गिरफ्तार होने के बाद उन्हें फांसी की सजा सुनाई गई, जिसे बाद में उम्रकैद में बदल दिया गया। उन्होंने कालापानी और मद्रास की जेलों में सजा काटी तथा वर्ष 1930 में मंडी लौटे।

कार्यक्रम में धर्मेंद्र राणा, मानसिंह राणा और भाई हिरदा राम के पोते शमशेर मिन्हांस ने भी विचार रखे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा