बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण शिविर आयोजित
मंडी, 03 जुलाई (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को संधोल में प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लगभग 110 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को सुदृढ़ करना तथा अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं की क्षमता का विकास करना था।
कार्यक्रम में पुलिस थाना संधोल के उप निरीक्षक संजीव जमवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अर्चना, वंदना एवं अंजना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। बाल विकास परियोजना अधिकारी, धर्मपुर की ओर से पर्यवेक्षक पूरण चंद ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान पर विस्तृत जानकारी दी और बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। शिविर में विशेषज्ञों ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान, लैंगिक समानता एवं जेंडर संवेदनशीलता, बालिका स्वास्थ्य एवं पोषण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा , बाल संरक्षण एवं बाल अधिकार, सामुदायिक जागरूकता, व्यवहार परिवर्तन तथा विभागीय अभिसरण जैसे विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों और सामुदायिक सहभागिता पर विशेष बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, किशोरियों में एनीमिया की रोकथाम, संतुलित पोषण, टीकाकरण तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। शिविर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा