सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी ने जारी किया बी.एड. सत्र 2026-28 हेतु ऑफलाइन काउंसलिंग कार्यक्रम
मंडी, 20 जुलाई (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी ने शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए बी.एड. कार्यक्रम में प्रवेश को लेकर ऑफलाइन काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह काउंसलिंग विश्वविद्यालय से संबद्ध मंडी एवं कुल्लू जिलों के समस्त बी.एड. महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 में उत्तीर्ण सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने प्राप्त अंकों के अनुसार निर्धारित तिथि को काउंसलिंग स्थल पर उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया में भाग लें।
विश्वविद्यालय ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः मेरिट, आरक्षण नीति एवं विश्वविद्यालय के प्रचलित नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी। सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथि पर समय से पूर्व काउंसलिंग स्थल पर पहुंचकर अपने मूल दस्तावेजों का सत्यापन करवाएं। विश्वविद्यालय के अनुसार 23 जुलाई 2026 गुरुवार को बी.एड. काउंसलिंग में भाग लेने वाले सभी संबद्ध महाविद्यालयों की सूची, प्रत्येक महाविद्यालय में उपलब्ध विषयवार प्रवेश क्षमता तथा अन्य आवश्यक जानकारी सार्वजनिक की जाएगी, जिससे अभ्यर्थी अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार प्रवेश की तैयारी कर सकें।
प्रथम चरण की ऑफलाइन काउंसलिंग में 27 जुलाई 2026 सोमवार को बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 में 70 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी वर्गों के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। 28 जुलाई 2026 मंगलवार को 63 से 69 अंक प्राप्त करने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों की काउंसलिंग। 29 जुलाई 2026 बुधवार को 58 से 62 अंक प्राप्त करने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों की काउंसलिंग।
30 जुलाई 2026 गुरुवार को 53 से 57 अंक प्राप्त करने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। जबकि 31 जुलाई 2026 शुक्रवार की तिथि विशेष रूप से उन अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित की गई है। जिन्होंने 53 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, किंतु अपरिहार्य कारणवश अपने निर्धारित दिवस पर प्रथम चरण की ऑफलाइन काउंसलिंग में भाग नहीं ले सके। ऐसे अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर प्रदान किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को निम्नलिखित दस्तावेज मूल एवं स्वप्रमाणित प्रतियों सहित साथ लाने के निर्देश दिए हैं। जिनमें बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 का स्कोर कार्ड। मैट्रिक, 10+2 एवं स्नातक/स्नातकोत्तर की अंकतालिकाएं एवं प्रमाण-पत्र। श्रेणी प्रमाण-पत्र (SC/ST/OBC/EWS आदि), यदि लागू हो। हिमाचली बोनाफाइड/स्थायी निवासी प्रमाण-पत्र यदि लागू हो। आधार कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान-पत्र। पासपोर्ट आकार के नवीनतम रंगीन फोटोग्राफ। विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित अन्य आवश्यक दस्तावेज।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे अपने निर्धारित दिवस पर समय से पूर्व काउंसलिंग स्थल पर पहुंचें। विलंब से आने या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने की स्थिति में प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। अभ्यर्थी काउंसलिंग से पूर्व अपने सभी दस्तावेजों की जांच अवश्य कर लें। सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के अधिकार क्षेत्र में संचालित मंडी एवं कुल्लू जिलों के सभी संबद्ध बी.एड. महाविद्यालयों में प्रवेश इसी काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। प्रवेश पूर्णतः मेरिट, उपलब्ध सीटों, अभ्यर्थी की पसंदतथा लागू आरक्षण नीति के अनुसार प्रदान किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा अनधिकृत स्रोतों पर विश्वास न करें। प्रवेश संबंधी सभी जानकारी केवल विश्वविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम एवं अधिसूचनाओं के आधार पर ही मान्य होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा