ददाहू ब्लॉक समिति के पहले अध्यक्ष बने क्षमादत्त शर्मा, रक्षा नेगी उपाध्यक्ष निर्वाचित
नाहन, 18 जून (हि.स.)। सिरमौर के ददाहू बीडीसी के वीरवार को चेयरमैन और वाइस चेयरमैन चुनाव हुए जिसमे कांग्रेस ने दोनों पदों पर कब्जा कर लिया। विकास खंड ददाहू की नवगठित ब्लॉक समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव गुरुवार को बीडीओ कार्यालय ददाहू में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में सभी 15 निर्वाचित बीडीसी सदस्यों ने भाग लिया।
अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित क्षमा दत्त शर्मा तथा भाजपा समर्थित कुलदीप मैदान में थे। मतदान में क्षमादत्त शर्मा को 9 मत प्राप्त हुए, जबकि कुलदीप को 6 मत मिले। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए रक्षा नेगी और मनीत के बीच हुए मुकाबले में रक्षा नेगी को 10 तथा मनीत को 5 मत प्राप्त हुए। इसके साथ ही क्षमादत्त शर्मा अध्यक्ष और रक्षा नेगी उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।
तहसीलदार ददाहू जय सिंह ठाकुर ने परिणामों की घोषणा करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी तथा क्षेत्र के विकास कार्यों में प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि ददाहू विकास खंड कार्यालय कांग्रेस सरकार की देन है और यह गर्व की बात है कि यहां का पहला ब्लॉक समिति अध्यक्ष कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार बना है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक क्षेत्र के सभी इलाकों में समान विकास और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर