राष्ट्रीय स्तर पर मंडी जिला सम्मानित, रक्त आधान सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
मंडी, 18 जून (हि.स.)। मंडी जिले के जोनल अस्पताल मंडी के ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन सेंटर को रक्त आधान सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित नेशनल लेवल एनजीओ कॉन्क्लेव ऑन ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विसेज में देशभर के राज्यों से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले ब्लड सेंटरों का चयन किया गया। जिसमें हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला ने अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए यह सम्मान प्राप्त किया।
इस कार्यक्रम में जोनल अस्पताल मंडी को आउटस्टैंडिंग परफॉर्मेंस इन ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विसेज के लिए प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। यह सम्मान भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत रक्त आधान सेवाओं के महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा प्रदान किया गया। प्रशस्ति पत्र में सुरक्षित रक्त प्रथाओं को बढ़ावा देने तथा रक्त आधान सेवाओं को सुदृढ़ करने में मंडी के योगदान की सराहना की गई है।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने इस उपलब्धि पर जोनल अस्पताल मंडी और ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन सेंटर की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक संस्थान का नहीं, बल्कि पूरे मंडी जिले के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संगठनों और रक्तदाताओं ने मिलकर सराहनीय कार्य किया है। इसी सामूहिक प्रयास का परिणाम है कि मंडी आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा