बैंक चेकबुकों से भरा बैग बस में गुम, लौटाने वाले को ₹10,000 का इनाम
नाहन, 22 जून (हि.स.)। शिमला से हरिपुरधार आ रही बस में 29 जून को एक दवाई विक्रेता का बैंक चेकबुकों और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग गुम हो गया। बैग लौटाने वाले को पीड़ित ने ₹10,000 का इनाम देने की घोषणा की है।
हरिपुरधार निवासी मीन सिंह, प्रो. मीन मेडिकोज 29 जून को शिमला से बस द्वारा हरिपुरधार लौट रहे थे। यात्रा के दौरान उनका बैग बस में ही छूट गया। बैग में उनके व उनकी फर्म मीन मेडिकोज के नाम से विभिन्न बैंकों में संचालित खातों की चेकबुकें, कुछ हस्ताक्षरित चेक और जरूरी कागजात थे।
पीड़ित की शिकायत पर हरिपुरधार पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने रोज़नामचे में मामला दर्ज कर प्रारंभिक जांच में पाया कि बैग बस यात्रा के दौरान ही गुम हुआ है। पुलिस टीम बस, बस अड्डे और अन्य संभावित स्थानों पर बैग की तलाश कर रही है। दुरुपयोग की आशंका के चलते संबंधित सभी बैंकों को भी सतर्क रहने की सूचना दे दी गई है।
मीन सिंह ने अपील की है कि जिस किसी को भी बैग या उसमें रखे दस्तावेज मिलें, वे तुरंत पुलिस चौकी हरिपुरधार को सूचित करें। महत्वपूर्ण दस्तावेजों व चेकबुकों सहित पूरा बैग सही सलामत लौटाने वाले को ₹10,000 का इनाम दिया जाएगा।
पुलिस ने आम लोगों से अनुरोध किया है कि यदि किसी को उक्त बैग या बैग से संबंधित कोई सुराग मिले तो तुरंत पुलिस चौकी हरिपुरधार से संपर्क करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर