बालिका देखभाल संस्थान में बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाई दीपावली

 


मंडी, 09 नवंबर (हि.स.)। बालिका देखभाल संस्थान सुंदरनगर में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर पूनम चौहान ने की। इस अवसर पर संस्थान के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने गीत-संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दीपावली के पर्व की खुशियां साझा कीं। मुख्य अतिथि पूनम चौहान ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति का सबसे प्रमुख और पवित्र त्योहार है। यह पर्व भगवान श्रीराम के माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ रावण पर विजय प्राप्त करने के बाद अयोध्या लौटने की खुशी में मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि दीपावली हमें संदेश देती है कि हमेशा सत्य की जीत होती है और प्रकाश अंधकार पर विजय प्राप्त करता है। यह त्योहार भारतीय धर्म, जाति, भाषा और संस्कृति से जुड़े लोगों को एक साथ जोड़ने का भी कार्य करता है। उन्होंने बच्चों को आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों का वास्तविक आनंद एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने और समाज में प्रेम एवं सौहार्द बनाए रखने में है। इस अवसर पर बच्चों को दीपावली के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा