बाल विज्ञान कांग्रेस में विधायक अजय सोलंकी ने विद्यार्थियों को दिया वैज्ञानिक सोच, नशामुक्ति और भाईचारे का संदेश
नाहन, 18 सितंबर (हि.स.)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सैनवाला में आयोजित बाल विज्ञान कांग्रेस में नाहन उपमंडल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विधायक अजय सोलंकी ने विधायक निधि से निर्मित स्कूल के कमरे का उद्घाटन भी किया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, शोधकर्ता और राष्ट्र निर्माता हैं। विज्ञान को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए समाज और पर्यावरण की समस्याओं के समाधान के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाना चाहिए।
अजय सोलंकी ने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि “प्रश्न पूछने, प्रयोग करने और नई सोच विकसित करने से ही नवाचार की शुरुआत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने और विज्ञान एवं नवाचार के माध्यम से बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर