शिमला : एचआरटीसी के वोल्वो चालक से मारपीट मामले में चारों आरोपियों की जमानत खारिज

 

शिमला, 27 मई (हि.स.)। दिल्ली से शिमला आ रही एचआरटीसी की वोल्वो बस के चालक के साथ मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को अदालत से राहत नहीं मिली है। अदालत ने पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर सभी आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी है। पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद अब चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

यह मामला बीते रविवार सुबह का है। घटना कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर बालूगंज थाना क्षेत्र के कच्चीघाटी इलाके में हुई थी। पुलिस के मुताबिक एचआरटीसी की वोल्वो बस दिल्ली से शिमला आ रही थी। इसी दौरान बस चालक ने हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने बस को बीच रास्ते में रुकवा लिया।

बस चालक का आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो सवार महिला समेत चार लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इस हमले में चालक को सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

सूचना मिलने पर बालूगंज पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया था। अब अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बुधवार को बताया कि वोल्वो बस चालक के साथ मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की जमानत अदालत ने खारिज कर दी है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा