अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले में सजी साहित्य की महफिल,दो दर्जन कवि एवं साहित्यकारों ने लिया भाग
नाहन, 22 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले में रविवार को बहुभाषी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर दो दर्जन कवि एवं साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के जरिए सामाजिक विसंगतियों, पारिवारिक रिश्तों, बदलती जीवनशैली, संस्कृति और समसामयिक विषयों पर आधारित कविताएं सुनाईं।
कवि सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि दीपचंद कौशल ने की जबकि मंच संचालन वरिष्ठ कवि डॉ. ईश्वर दास राही ने किया। कवि सम्मेलन में डॉ. आईडी राही ने “मैं छोटा था, एक घर में रहता था, कच्चा-पक्का नहीं, मगर अपना था”… पंक्तियों के माध्यम से रचना प्रस्तुत की। प्रेमपाल आर्य ने “संगी साथी भी मिले, मिले आपणे-बेगाने। आपणी मरियादा आपुणे माच्छो, आदमी जीओ आपणी शाने”रचना सुनाई। बीएन शर्मा ‘पंकज’ ने “मां-बाप का उद्धार है बेटी, हर घर का सुधार है बेटी” पंक्तियों से बेटी के महत्व को अपनी कविता में स्थान दिया।
जिला भाषा अधिकारी सिरमौर कान्ता नेगी ने बताया कि आज अंतराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले में बहु भाषी कवि सम्मेलन रखा गया है। विभाग का प्रयास है कि नवोदित कवियों और साहित्यकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने हेतु मंच दिया जाए
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर