पंडोह में चैत्र मास पर बाबा बालक नाथ मंदिर से निकली भव्य शोभा यात्रा
मंडी, 29 मार्च (हि.स.)। चैत्र मास के पावन अवसर पर पंडोह स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में चल रहे धार्मिक कार्यक्रमों के तहत आज भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे पंडोह क्षेत्र में बाबा बालक नाथ जी के जयकारों और भजनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।यह शोभा यात्रा बाबा बालक नाथ मंदिर पंडोह से शुरू होकर पंडोह बाजार, बस स्टैंड और तीन पीपल तक निकाली गई।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बाबा जी का स्वागत किया। मार्ग में दीप क्लिनिक, राजू (तीन पीपल) और अंत में सैनी परिवार द्वारा पंडोह बाजार में शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए लंगर की विशेष व्यवस्था की गई, जहां भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर कमेटी द्वारा चैत्र मास के उपलक्ष्य में इस वर्ष भी विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक रविवार को प्रातः 05:30 बजे प्रभात फेरी, सायं 07:00 बजे भजन-कीर्तन तथा रात्रि 08:00 बजे भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है, जिससे इसकी भव्यता और भी बढ़ गई है।
कमेटी के सदस्यों अश्वनी पठानिया और तरुण धवन ने शोभा यात्रा में शामिल हुए सभी श्रद्धालुओं तथा जगह-जगह स्वागत करने वाले भक्तों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भी कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सात अप्रैल को नेशनल हाईवे पर राजमहल-चावल का विशाल भंडारा भी शामिल है।उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित इन धार्मिक आयोजनों में भाग लेकर बाबा बालक नाथ जी का आशीर्वाद प्राप्त करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा