बाल गृह भरनाल और ढलवान बाजार का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण

 


मंडी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी जिला के भरनाल में एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र कुमार गौतम ने बाल गृह भरनाल का औचक निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और रहन-सहन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने दिवाली के मद्देनजर ढलवान बाजार में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों और लाइसेंस की जांच की। निरीक्षण के दौरान मिठाइयों के नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए। बाल गृह में एसडीएम ने अध्ययन कक्ष, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, भोजनालय और शयन कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को पौष्टिक भोजन, बेहतर शिक्षा, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा खेलकूद और व्यायाम की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और बच्चों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। बाल गृह प्रभारी प्रेम सिंह ने संस्थान की व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं की जानकारी दी।

एसडीएम ने समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इसके बाद एसडीएम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढलवान में बाल गृह के बच्चों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों ने भी अपनी भावी योजनाएं और आकांक्षाएं साझा कीं।

त्योहारी सीजन के मद्देनजर ढलवान बाजार में मिठाई विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण करते हुए एसडीएम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा लाइसेंस की जांच की।

उन्होंने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा